अछल्दा। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोडेपुर के मजरा रामपुर में सरकारी राशन दुकान पर घटतौली के मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम बिधूना ने कोटे को सस्पेंड करने की संस्तुति की है।
मामले में सप्लाई इंस्पेक्टर की टीम ने 30 से ज्यादा कार्डधारकों के बयान दर्ज किए थे। अछल्दा विकासखंड के बोडेपुर ग्राम पंचायत के मजरा रामपुर में बने सरकारी अन्नपूर्णा भवन में राशन डीलर रामशंकर पर पांच किलो राशन कम देने का वीडियो किसी व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। घटतौली को लेकर विरोध करने वाले कार्डधारकों ने पुलिस को भी सूचना दी थी। इस पर पुलिस गांव पहुंची थी।
तीन दिन पुराने इस मामले में रविवार को जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय की टीम ने गांव पहुंचकर जांच भी की थी। 30 से ज्यादा राशन कार्डधारकों के बयान दर्ज कराए थे। सप्लाई इंस्पेक्टर की टीम ने इस मामले की जांच रिपोर्ट एसडीएम बिधूना को सौंपी थी।
इसके बाद कोटे की दुकान को सस्पेंड करने की संस्तुति एसडीएम ने की है। एसडीएम बिधूना निखिल राजपूत ने बताया कि सप्लाई इंस्पेक्टर टीम की रिपोर्ट के आधार पर राशन कोटे की दुकान को सस्पेंड करने की संस्तुति की गई है। (संवाद)