औरैया। छुट्टा मवेशियों के संरक्षण को लिए जिले में तीन वृहद गोशालाएं बनाई जाएंगी। प्रत्येक गोशाला के निर्माण के लिए 1.6 करोड़ का बजट जारी भी कर दिया गया है। निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
वर्तमान समय में 65 गोशालाओं में करीब 11 हजार मवेशियों का संरक्षण किया जा रहा है। इसके बावजूद सड़कों व खेतों में छुट्टा मवेशी घूमते हुए नजर आते हैं। इस समस्या को देखते हुए जिले में तीन वृहद गोशालाओं का प्रस्ताव तैयार किया गया था। जिसे संस्तुति मिल गई है। 1.6 करोड़ की लागत से इन तीनों गोशालाओं का निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक गोशाला में 400-400 मवेशी संरक्षित किए जा सकेंगे। वहीं गोशालाओं के निर्माण को लेकर बांधमऊ, खानपुर व कंचौसी का चयन किया गया है। इन तीनों जगहों पर जमीन का आवंटन भी कर दिया गया है। निर्माण कार्य को लेकर विभाग की ओर से टेंडरिंग प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशन सिंह विकल ने बताया कि तीन गोशालाओं के लिए बजट मिला है। जिनका समय से निर्माण कराया जाएगा।