बिधूना। आगामी चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने मतदाता जागरूकता अभियान को तेज कर दिया है। एसडीएम गरिमा सोनकिया ने मंगलवार को गजेंद्र सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज सभागार में छात्र-छात्राओं को मताधिकार के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसडीएम ने कहा कि एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा अब देश के भविष्य का निर्णय करने के अधिकारी हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की अपील की। उन्होंने जानकारी दी कि मतदाता सूची का ड्राफ्ट पब्लिकेशन जारी कर दिया गया है। यदि नाम, पता अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि हो, तो समय रहते संशोधन करा लें। इस अवसर पर प्रधानाचार्य दिनेश प्रताप सिंह यादव, गौरव कुमार गुप्ता, सत्यवीर, धवन सिंह, नीलेश कुमार, अनुपेंद्र सिंह, पंकज यादव व खुशबू जैन मौजूद रहे।