एरवाकटरा। कस्बा में बिधूना रोड पर अतिक्रमण के चलते कोल्ड ड्रिंक भरा ओवरलोड ट्रक मोड़ने में फंस गया। इससे वहां पर जाम लग गया। इस जाम में करीब दो घंटे तक वाहन फंसे रहे।
एडीएम न्यायिक का वाहन भी इस लंबे जाम में फंसा रहा। जाम को खुलवाने में पुलिस को पसीने छूट गए। बाद में ट्रक से माल उतरवाकर उसे क्रेन से हटवाया गया।
कस्बे के बिधूना रोड पर स्थित ब्लॉक के पास एक कोल्ड ड्रिंक एजेंसी का आेवरलोड ट्रक सड़क किनारे अतिक्रमण होने से मोड़ते समय फंस गया। इससे कुदरकोट रोड से बूढ़े बाबा मंदिर के आगे तक करीब एक किमी. लंबा जाम लग गया।
इसमें ट्रक, बस, स्कूली बस, बाइक, कार समेत सैकड़ों वाहन फंस गए। इसी बीच नगरिया राजाराम गांव से चकबंदी की बैठक से लौट रहे एडीएम न्यायिक की भी गाड़ी जाम में फंस गई। उनके सुरक्षाकर्मी व कर्मचारी जाम खुलवाने के लिए काफी देर तक प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।
एडीएम की गाड़ी जाम में फंसने की जानकारी पर एरवाकटरा थाने के उपनिरीक्षक प्रदीप अवस्थी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद एडीएम की गाड़ी जाम से निकलवाई, लेकिन जाम पूरी तरह नहीं खुल सका।
करीब दो घंटे बाद जब ट्रक खाली किया गया और क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाया गया। इसके बाद जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया।
करीब तीन घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि कोल्डड्रिंक लोड ट्रक मोड़ते समय फंस गया था। पुलिस फोर्स को मौके पर भेजकर ट्रक को सड़क से हटवाया गया और यातायात शुरू कराया गया।