अछल्दा। थाना क्षेत्र के घसारा और सामहो स्टेशन के बीच रविवार को मिले युवक के शव की मंगलवार शाम शिनाख्त हो गई। यह पहचान तब हुई जब शव अंतिम संस्कार के लिए शेरगढ़ घाट ले जाया गया था।
चिता में मुखाग्नि देने से कुछ देर पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के जरिए परिजन ने युवक की पहचान इटावा निवासी विशाल कुमार के रूप में की।
इटावा के मोहल्ला शांति कॉलोनी नई बस्ती निवासी इनाम सिंह ने बताया कि उनका बड़ा बेटा विशाल कुमार (25) मानसिक रूप से बीमार था। वे विशाल को लेकर बागेश्वर धाम गए थे। वहां से वापस लौटते समय कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन पर विशाल पानी लेने के लिए उतरा लेकिन ट्रेन चलने तक वापस नहीं लौटा। परिजन ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा।
बीते 19 अप्रैल को अछल्दा में रेलवे स्टेशन के पास लाइन पर एक युवक का शव बरामद हुआ था। शिनाख्त न होने के कारण शव को 72 घंटे के लिए चिचौली मर्चरी में रखा गया था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब कोई वारिस नहीं आया तो सामाजिक संस्था के पदाधिकारी अंतिम संस्कार के लिए शव को औरैया के शेरगढ़ घाट ले गए। इसी बीच, विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया पर साझा की गई फोटो इनाम सिंह तक पहुंची। फोटो देखते ही वह घाट पहुंचे और बेटे के रूप में शिनाख्त की।
अंतिम संस्कार के लिए मौके पर मौजूद अछल्दा थाने के सिपाही विनोद कुमार ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान हो गई थी। जांच के बाद शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
-पी पुनीत मिश्रा, सीओ बिधूना