फफूंद। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट की डीएफसी पाता ओवरब्रिज के पास गुरुवार की रात युवती का शव उसकी के प्रेमी ने फेंका था।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो इसमें कारण हैंगिंग आया। महिला के फोन की जांच के बाद पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़कर मामले का खुलासा किया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुवार की रात पाता ओवरब्रिज के पास दिल्ली-हावड़ा डीएफसी रेलवे ट्रैक पर युवती का शव पड़े होने की सूचना ट्रैकमैन अमरजीत ने पुलिस को दी थी। पुलिस ने शव की शिनाख्त देवी का पुर्वा निवासी प्रेमलता (25) के रूप में की गई थी। शिनाख्त के बाद मामला आत्महत्या का समझकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत का कारण हैंगिंग आने पर पुलिस सकते में आ गई थी। रिपोर्ट में हैंगिंग आने पर पुलिस ने युवती की हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू की थी। उधर, मामले में युवती के मामा की तहरीर पर परिजनों के ही खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
तीन दिनों की मशक्कत के बाद परिजन आरोपों से बाहर हो गए। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस मामले में राजा का पुर्वा निवासी ब्रजेश यादव को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि प्रेमलता और ब्रजेश के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।
ससुराल से विवाद होने के चलते युवती मायके में रह रही थी। घटना की रात युवती रेलवे कॉलोनी के पास बने ब्रजेश से मिलने उसके कमरे पर गई थी। पूछताछ में ब्रजेश ने बताया कि दोनों के बीच शादी करने को लेकर कहासुनी हुई थी।
इसके बाद युवती को कमरे पर छोड़कर खाना खाने चला गया। जब वह लौटा तो कमरे से करीब 20 मीटर की दूरी पर खडे एक पेड़ से दुपट्टे से फंदे से प्रेमलता का शव लटकता पाया था।
कानूनी कार्रवाई की जद में न फंसने के लिए ब्रजेश ने शव को फंदे से उतार कर डीएफसी ट्रैक पर रख दिया था। आरोपी को जेल भेजा गया है।