दिबियापुर। कन्नौज-औरैया जाने वाले लोगों को अब असेनी से बेला तक जर्जर सड़क से नहीं गुजरना पड़ेगा। शीघ्र ही असेनी से बेला तक 20 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण कराया जाएगा। प्रशासन ने इसका प्रस्ताव शासन को भेजा है। स्वीकृति मिलते ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
जालौैन सीमा से लेकर दिबियापुर होते हुए बेला तक सड़क अभी तक फोरलेन होने से छूटी है। फोरलेन का प्रस्ताव कई बार शासन को भेजा जा चुका हैं। औरैया से ककोर मुख्यालय तक सड़क फोरलेन किए जाने का लगभग 238 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की ओर से भेजा गया है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार यह प्रस्ताव कैबिनेट की अनुमति के इंतजार में अटका है।
ककोर से बेला तक सड़क को फोरलेन किए जाने के लिए लगभग 800 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन अभी तक इस प्रस्ताव को शासन से हरी झंडी नहीं मिल पाई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार असेनी से बेला के बीच सड़क के नवीनीकरण का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।
जल्द ही इसी वित्तीय वर्ष में सड़क के नवीनीकरण के प्रस्ताव पर मुहर लगने के उम्मीद है। इससे विलरायां-पनवाड़ी राजमार्ग पर वाहनों का यातायात सुगम हो सकेगा। बता दें कि वाहन सवार इस राजमार्ग का प्रयोग कई जनपदों तक आवागमन करने के लिए करते हैं। (संवाद)
इनसेट
इन्हें मिल चुकी है स्वीकृति
फोरलेन सड़क के लिए औरैया में शेरगढ़ घाट स्थित यमुना नदी पर 151.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए पुल के निर्माण के लिए शासनादेश जारी हो चुका है। इसके लिए 22.69 करोड़ रुपये शासन से अवमुक्त भी हो चुके हैं। वहीं चिचौली में सेंगर नदी पर बने पुराने पुल के साथ में बनने वाले टू लेन के नए पुल के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है।
कोट
असेनी से बेला तक सड़क खराब है। असेनी से बेला के बीच सीसी पार्ट छोड़कर सड़क के नवीनीकरण के लिए छह करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। एस्टीमेट भी जमा कर दिया गया है। जल्द ही प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने की संभावना है।
विनोद कुमार यादव, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड