दिबियापुर। विद्युत वितरण खंड दिबियापुर के अधिकारी कर्मचारी एवं संविदा कर्मियों ने शनिवार को भी धरना दिया। सीडीओ व एएसपी ने भी उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। मामले की जांच के लिए पहुंची टीम के अधिकारियों कर्मचारियों के अलग-अलग बयान दर्ज किए।
मंगलवार की शाम से विद्युत वितरण खंड की एक्सईएन नेहा सिंह पर शोषण के आरोप लगाकर चारों उपखंड के चार एसडीओ, 10 अवर अभियंता, कई कर्मी व ठेके पर तैनात सैकड़ों कर्मचारी मुखर हैं। सभी बुधवार से कार्यालय के बाहर धरना दे रहे हैं। इस बीच अधिकारियों की कई चरणों की वार्ता विफल रही। शनिवार को सीडीओ औरैया अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा धरना स्थल पर पहुंचे।
यहां उन्होंने धरने पर बैठे अधिकारियों कर्मचारियों को समझाया, लेकिन सभी ने कार्रवाई ीहोने तक धरना समाप्त करने से इंकार कर दिया। इसके बाद दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक द्वारा गठित जांच टीम में शामिल मुख्य अभियंता वितरण कानपुर क्षेत्र अनिल कुमार सिंह, मुख्य अभियंता वाणिज्य द्वितीय आगरा आरिफ अहमद, निगम की कंपनी सचिव नम्रता श्रीवास्तव खंड कार्यालय दिबियापुर पहुंचे।
यहां पर सरकारी अधिकारियों कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जबकि ठेके पर तैनात कर्मियों से अलग पूछताछ की। सभी ने एक सुर में एक्सईएन पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल एवं शोषण के आरोप लगाए। खंड कार्यालय दिबियापुर के अधिकारियों कर्मचारियों के अनुसार उन सभी ने बयानों के साथ संबंधित साक्ष्य व ऑडियो रिकार्डिंग भी जांच टीम को उपलब्ध करा दी है।
दोपहर लगभग डेढ़ बजे पहुंची टीम के सदस्यों ने देर शाम तक अधिकारियों कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। टीम के सदस्यों ने जांच आख्या उच्चाधिकारियों को सौंपे जाने की बात कही। यहां बता दें कि 22 मई को गठित टीम को तीन दिनों में जांच आख्या सौंपने के निर्देश दिए गए थे।
इंसेट
फोटो25एयूआरपी 34- दिबियापुर खंड कार्यालय पहुंचे मुख्य अभियंता रामप्रकाश गुप्ता.. स्रोत सोशल मीडिया
जांच टीम में न होने के बावजूद मुख्य अभियंता के पहुंचने पर कई चर्चाएं
दिबियापुर। जांच टीम में शामिल न होने के बावजूद मुख्य अभियंता कानपुर रामप्रकाश गुप्ता के दिबियापुर खंड कार्यालय में अचानक पहुंचने पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। उनके दिबियापुर कार्यालय पहुंचने के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो और फोटो की पुष्टि नहीं करती। यहां बता दें कि धरने पर बैठे अधिकारियों ने मंगलवार को निगम के प्रबंध निदेशक को लिखे गए पत्र में अधिशासी अभियंता दिबियापुर के साथ मुख्य अभियंता द्वितीय पर भी कई आरोप लगाए थे।