औरैया। पौष्टिकता के पैमाने पर खरा उतरने वाला आंवले का लड्डू अब लोगों को ऑनलाइन शॉपिंग साइटों पर भी उपलब्ध होगा। समूह की महिलाओं के द्वारा शुरू किया गया यह व्यवसाय अब आसमान छूने को बेताब है।
एनआरएलएम की ओर से इसे लेकर प्रोडक्ट के लिए जीएसटी रजिस्ट्रेशन से लेकर अन्य कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जुलाई से शॉपिंग साइटों पर मिलना शुरू हो जाएगा।
करीब दो साल पहले वैसुंधरा के गमा देवी स्वयं सहायता समूह ने आंवले के प्रोडक्ट बनाना शुरू किए थे। इसमें मुरब्बा से लेकर अचार और आंवले का लड्डू लोगों को खूब भा रहा है। समूह से सीधे दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, आगरा समेत कई बड़े शहरों से आर्डर आ रहे हैं।
दो माह पहले लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी आंवले के लड्डू की सराहना की थी। इसके बाद विभागीय अधिकारियों को इस प्रोडक्ट को ऑनलाइन शॉपिंग साइटों पर भी ले जाने के निर्देश दिए थे।
समूह की प्रमुख मेनका सिंह के साथ-साथ इस व्यवसाय में 10 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। सीएम के निर्देश पर एनआरएलएम की ओर से अब इस प्रोडक्ट के लिए जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराया गया है। साथ ही शॉपिंग कंपनी से संपर्क करते हुए अनुबंध के कागजात पूरे किए जा रहे हैं। उम्मीद यह जताई जा रही है कि जुलाई से यह प्रोडक्ट ऑनलाइन शॉपिंग साइट पर भी उपलब्ध हो जाएगा।
गमा देवी स्वयं सहायता समूह की प्रमुख मेनका सिंह ने बताया कि आंवले के लड्डू को लेकर जीएसटी रजिस्ट्रेशन हो गया है। अगले माह तक यह ऑनलाइन साइटों पर भी उपलब्ध होने लगेगा।
सीएम के निर्देश पर गमा देवी स्वयं सहायता के प्रोडक्ट को ऑनलाइन शॉपिंग साइट पर ले जाने का काम अंतिम दौर में पहुंच गया है। सभी कागजात पूरे हो गए हैं। लोगों को इससे काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही समूह के कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।-एसएन सिंह, डीसी एनआरएलएम