दिबियापुर (औरैया)। औद्योगिक क्षेत्र दिबियापुर की प्लास्टिक सिटी में अब सभी तरह से उद्योग लगाए जा सकेंगे। इसके लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। गुरुवार को प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने कानपुर में आयोजित उद्यमी समाधान दिवस पर यह संकेत दिए।
नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्र ने औद्योगिक क्षेत्र दिबियापुर से जुड़े विभिन्न मसलों से संबंधित मांगपत्र दिया था। इस पर मंत्री ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र दिबियापुर में शासन की महत्वाकांक्षी प्लास्टिक सिटी विकसित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। पूर्व में यहां केवल प्लास्टिक आधारित उद्योगों को लगाने की बाध्यता थी,अब सरकार ने यहां हर प्रकार के उद्योग स्थापित किए जाएंगे।
ज्ञापन में नगर पंचायत अध्यक्ष मिश्रा ने कहा कि यूपीसीडा द्वारा 331.58 एकड़ जमीन पर प्लास्टिक सिटी विकसित की जा रही है। प्लास्टिक सिटी में सड़क व सुरक्षा जैसी सुविधाओं को बढ़ाने तथा इसका नाम अटल औद्योगिक पार्क किया जाना चाहिए। नगर पंचायत अध्यक्ष ने औद्योगिक पार्क को धरातल पर उतारने के लिए यहां संस्थागत ढांचे का विकास तेजी से कराए जाने के साथ उद्योग लगाने के लिए आवंटियों को दी गई समय सीमा का विस्तार किए जाने की भी मांग की। औद्योगिक विकास मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।