दिबियापुर (औरैया)। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना एक जनपद-एक उत्पाद में चयनित औरैया के देशी घी की खुशबू अब दुनिया के दूसरे देशों में भी बिखरेगी। औरैया का देशी घी ई-कामर्स कंपनी अमेजॉन और फ्लिपकार्ट पर भी उपलब्ध होगा।
औरैया का देशी घी देश भर के विभिन्न प्रदेशों में खासा प्रसिद्ध है। औरैया के घी की खुशबू कई दशकों से पूरे देश में फैलती चली आ रही है। हाईवे से होकर गुजरने वाले लंबी दूरी के वाहन सवार यहां से देशी घी ले जाते हैं। औरैया के देशी घी को एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत भी चयनित किया गया था। सोमवार को प्रदेश के ओडीओपी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से यहां के घी की खूबियां बताते हुए ट्वीट किया गया।
ट्वीट में बताया गया कि देशी घी की बात औरैया के बिना पूरी नहीं होती। यहां उच्च गुणवत्ता के देशी घी का उत्पादन होता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। आयुर्वेद में इसे दवाई माना गया है। आप भी देशी घी मंगाएं और सेहत बनाएं।
इस ट्वीट के साथ चार पोस्टर भी डाले गए हैं। एक पोस्टर में बताया गया कि औरैया का देशी घी सेहत के लिए सही है। दूसरे पोस्टर में बताया गया कि पेट संबंधी, जोड़ों के दर्द, मानसिक रोग, मुंह के छाले, त्वचा संबंधी बीमारियों का दूर रखता है।
फैटी एसिड, विटामिन ए, डी, कैल्शियम, मिनरल्स, पोटेशियम, प्रोटीन से भरपूर है। इसके साथ ही चौथे पोस्टर पर भी संदेश दिया गया है। ओडीओपी से किए गए ट्वीट के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि औरैया जिले के घी की खुशबू देश के साथ जल्द ही पूरे विश्व में बिखरेगी। (संवाद)