ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य के चौथे एवं अंतिम चरण के मतदान बुधवार को औरैया विकासखंड में होंगे। मतदान के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके चलते पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस प्रशासन की नजर अतिसंवेदनशील बूथों पर रहेगी।
नौ दिसंबर को होने वाले अंतिम चरण के मतदान के लिए एसपी मनोज तिवारी ने पूरी तैयार कर ली है। मतदान के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। इसके लिए मंगलवार को एसपी मनोज तिवारी, एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने विकासखंड के सभी बूथों पर चौकसी कर दी है।
उन्होंने बूथों का भ्रमण कर मतदाताओं से शांति के मतदान करने की अपील की है। इसके अलावा क्षेत्र में अराजकता फैलाने वालों लोगों को भी चिन्हित कर लिया गया है। अगर किसी भी व्यक्ति ने मतदान केंद्र के बाहर अराजकता फैलाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी मनोज तिवारी ने बताया कि अंतिम चरण के मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए पर्याप्त पुलिस फोर्स बूथों पर तैनात कर दिया गया है। बीहड़ी क्षेत्र में अधिक अतिसंवेदनशील बूथ हैं। वहां पर पीएसी व कमांडो की तैनाती कर दी गई है।
एसपी मनोज तिवारी ने मतदाताओं से वोट डालने के बाद घर जाने की अपील की है। कहा कि किसी के बहकावे में न आकर वह काम से मतलब रखें। अगर बूथ के इधर-उधर कोई भी व्यक्ति भटकता दिखा तो संबंधित व्यक्ति को तत्काल जेल भेज दिया जाएगा।