औरैया। जिले में सोमवार को डीएलएड परीक्षा की शुरुआत हो गई। परीक्षा के लिए जिले में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर पहले दिन की परीक्षा में तकरीबन 5000 परीक्षार्थी शामिल हुए। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त कराने के लिए जरूरी इंतजाम भी किए थे। समय से परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटी जिन्हें चेकिंग के बाद परीक्षा केंद्र के अंदर जाने दिया गया।
डायट से मिली जानकारी के अनुसार परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गई। औरैया शहर के अलावा अजीतमल, रुरुगंज, बिरूहूनी, अमावता व दिबियापुर के परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ रही। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए केंद्र पर स्टाफ पहले से ही मौजूद रहा। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्यवेक्षक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती रही। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल की निगरानी रही।
किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की संभावना को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। केंद्रों पर मोबाइल, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर सख्त प्रतिबंध रहा। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के तहत डीएलएड की पहले दिन की परीक्षा संपन्न हुई। डायट प्राचार्य जीएस राजपूत ने बताया कि सभी केंद्र अध्यक्षों को पारदर्शी ढंग से परीक्षा संचालन के निर्देश दिए गए थे। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।