फोटो -26- राज्यकर अधिकारी को ज्ञापन देते भट्ठा कारोबारी। स्रोत:आयोजक
औरैया। ईंट-भट्ठा उद्योग से जुड़े उद्यमियों और करदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आश्वासन दिया गया कि विभाग ईंट-भट्ठा कारोबारियों की समस्याएं सुलझाएगा।
ककोर स्थित राज्य कर विभाग कार्यालय में उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कारोबारियों ने कर संबंधी और व्यावहारिक दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने शिकायत की कि मिट्टी ले जाने वाले वाहनों को पुलिस बेवजह रोकती है। साथ ही श्रम विभाग की कार्रवाई के नाम पर उत्पीड़न बंद होना चाहिए।
ईंट-भट्ठा एसोसिएशन ने रॉयल्टी पर जीएसटी से छूट देने और पंजीकृत ठेकेदारों के माध्यम से ही श्रमिकों की व्यवस्था मान्य करने की मांग की। बैठक में जीएसटी, टैक्स रिफंड और इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कुछ समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया।
ईंट-भट्ठा एसोसिएशन के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने नीतिगत सुझावों का ज्ञापन सौंपा, जिस पर उपायुक्त ने भरोसा दिया कि सभी महत्वपूर्ण प्रस्तावों को शासन स्तर पर विचार के लिए तत्काल लखनऊ मुख्यालय भेजा जाएगा। इस मौके पर सहायक आयुक्त शिव शंकर चौरसिया, जय सिंह यादव, पंकज कुमार पांडेय आदि कारोबारी मौजूद रहे।