इलाहाबाद में वकील हत्याकांड को लेकर छह दिनों से चली आ रही वकीलों की हड़ताल के संबंध में मंगलवार को डीबीए के पदाधिकारियों ने बैठक कर हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। इस निर्णय के बाद कई दिनों से कचहरी में पसरा सन्नाटा बुधवार से दूर हो जाएगा।
जिला बार एसोसिएशन की कचहरी हाल में सुनील दुबे की अध्यक्षता में हुई आम सभा में इलाहाबाद में वकील की हत्या को लेकर चलाई जा रही हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया गया।
आम सभा में जिला बार एसोसिएशन के होने वाले चुनाव पर चर्चा की गई, जिसमें एल्डर्स कमेटी को चुनाव कार्यक्रम तय करने के लिए अधिकृत किया गया। डीवीए अध्यक्ष सुनील दुबे ने अधिवक्ताओं के लिए शीतल पेयजल, टीवी व लाउडस्पीकर व्यवस्था सुलभ कराने की घोषणा की।
सदन में आय-व्यय का ब्यौरा रखा गया। संचालन जिला बार एसोसिएशन महामंत्री शंभूदयाल कुशवाहा ने किया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ शुक्ला व कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रवक्ता शिवम शर्मा ने बताया कि 18 मार्च से जिला जजी में वकील न्यायिक कार्य करेंगे।