फोटो-46-हाइड्रा चालक को समझाते ग्रामीण।संवाद
- फोटो : 1
एरवाकटरा। विद्युत उपकेंद्र में क्षमता बढ़ाने के लिए 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने को मंगलवार सुबह से बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई।
हालांकि बरसात के चलते पावर हाउस के रास्ते में कीचड़ होने से ट्रांसफार्मर उतारने का कार्य अटक गया। अब यह बुधवार को लगाया जाएगा। इससे बुधवार को भी 12 घंटे आपूर्ति बाधित रहेगी।
पावर हाउस में दो हाइड्रा लेकर पहुंचे ठेकेदार के सहयोगी मोहित गंगवार ने कीचड़ होने पर ट्रांसफार्मर उतारने से मना कर दिया। कहा कि जब तक रास्ते में रोड़ी डालकर उसे दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक ट्रांसफार्मर नहीं रखा जाएगा। ट्रांसफार्मर वापस भेजे जाने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हलचल मच गई। इस पर करीब 50 से अधिक ग्रामीण पावर हाउस पहुंच गए और ट्रांसफार्मर वापस ले जाने का विरोध किया।
ग्रामीणों के विरोध के बाद ठेकेदार हाइड्रा लेकर मौके से लौट गया। इसके बाद ग्रामीणों ने जनसहयोग से करीब चार ट्रॉली रोड़ी व राबिश डालकर देर शाम तक रास्ते को दुरुस्त कराया।
अवर अभियंता कुलवंत सिंह ने बताया कि रास्ते की समस्या दूर कर दी गई है और उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार को ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य किया जाएगा। इससे बुधवार सुबह नौ बजे से शाम नौ बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।