अजीतमल कस्बा स्थित सेंट्रल बैंक में दोपहर तक इंतजार के बाद भी भुगतान होता न देख उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। उपभोक्ताओं का विरोध देख शाखा प्रबंधक ने बैंक में पैसा न होने की बात कहकर शीघ्र भुगतान करने का भरोसा दिलाया।
अजीतमल स्थित सेंट्रल बैंक की शाखाओं से भुगतान के लिए उपभोक्ताओं को चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। दो दिनों से बैंक के पास उपभोक्ताओं को देने के लिए पैसा नहीं हैं। इसके चलते बीहड़ क्षेत्र के रोशनपुर, जसवंतपुर, हसुलिया, चपटा, हैदरपुर, जगतपुर, अयाजना, मुरादगंज आदि क्षेत्र के खाता धारकों को परेशानी हो रही है।
बुधवार को बैंक में पैसे के लिए खड़े उपभोक्ताओं को जब भुगतान नहीं मिला तो यह हंगामा करने लगे। इन्हाेंने शाखा प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी की। उपभोक्ता कमलेश कुमार, रामऔतार, हरचरन, रामादेवी, मुन्नीदेवी, सुबीर कुमार, प्रताप सिंह आदि ने बताया कि भुगतान न होने से बीमारी, शादी, तिलक आदि कार्य प्रभावित हो रहे हैं ।
स्टाफ की कमी के चलते मुरादगंज शाखा पर लेनदेन बंद है। अजीतमल शाखा के माध्यम से काम कराना पड़ रहा है।
एस.एन.टिक्का,सेंट्रल बैंक मैनेजर, मुरादगंज
उपभोक्ताओं के भुगतान के लिए साठ लाख रुपये की डिमांड भेजी गई थी। कई सप्ताह बीत गए हैं । अभी तक करेंसी चेस्ट इटावा से पैसा नहीं भेजा गया है। इसके चलते भुगतान करने में समस्या आ रही है।
एस. के. गुप्ता, सेंट्रल बैंक मैनेजर, अजीतमल