औरैया। शहर में सर्राफा और लेडीज मार्केट की तरह एक और बाजार बनने जा रहा है। यह बाजार मूलभूत सुविधाओं के साथ हाईटेक भी होगा। रोडवेज के बगल में पेंच कपास की जमीन पर पालिका नगरोदय योजना के तहत 1.62 करोड़ रुपये से दो मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने जा रही है। पालिका ने इसका टेंडर भी जारी कर दिया है। इस योजना से जहां व्यापारिक माहौल बनेगा, वहीं शहर की सूरत भी बदलेगी।
पिछले दो साल से पालिका की निगाहें अपनी जमीन को सुरक्षित करने और व्यापारिक माहौल बनाने पर टिकी हैं। यही वजह है कि कखावतू कॉलोनी से लेकर चड्ढा टॉकीज के सामने और सत्ती तालाब समेत पेंच कपास की जमीन पर बड़ी संख्या में दुकानों का निर्माण कराया गया है। हालांकि नुमाइश मैदान के सामने बनाई गई दुकानों की नीलामी पर जमीन विवाद को लेकर हाईकोर्ट ने स्टे लगा दिया है।
अब इसी कड़ी में पालिका पेंच कपास की जमीन पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी बना रही है। जारी किए गए टेंडर के तहत 1.62 करोड़ की लागत से दो मंजिला बिल्डिंग बनेगी। यहां 70 से ज्यादा व्यापारी अपने प्रतिष्ठान चला सकेंगे। खास बात यह है कि दो साल पहले प्रशासन ने इस 6.52 एकड़ जमीन को कब्जामुक्त कराया था। जिसे पालिका के सुपुर्द किया गया था। नगरोदय योजना से बनने जा रहे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सामान के अनुसार दुकानों के ब्लॉक होंगे।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के नक्शे में शौचालय से लेकर वाहन पार्किंग और पार्क समेत फास्टफूड के ब्लॉक को भी जगह दी गई है, ताकि सड़क किनारे फुटपाथों पर लगने वाली रेहड़ी इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट हो। लोगों को यहां मॉल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यह बाजार रात में भी गुलजार रहेगा। स्ट्रीट लाइटों से जगमग रोशनी के बीच लोग रात में खरीदारी कर सकेंगे। बड़े शहरों की तर्ज पर यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व्यावसायिक केंद्र के तौर पर उभरेगा।
पालिका की बढ़ेगी आय, लोगों को मिलेगी सहूलियत बड़े शहरों की तरह शहर में तैयार होने जा रहे इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में वाहन पार्किंग की भी सुविधा रहेगी। शहर के अन्य बाजार में यह सुविधा नहीं है। देर रात तक यहां बाजार खुला रहेगा। दो मंजिला बिल्डिंग के अलावा भी यहां रेहड़ी लगेंगी। जिन्हें चबूतरे के तौर पर दुकानदारों को दिया जाएगा। इस प्रयास से शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम से भी निजात मिल जाएगी। साथ ही पालिका के आय में इजाफा होगा।
फोटो-13-बिधूना में तैयार किया जा रहा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स। संवाद
मार्च तक तैयार हो जाएगा बिधूना में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
बिधूना। कस्बे में फुटपाथ और अन्य स्थानों पर दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले छोटे व्यापारियों को मार्च 2027 तक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की सौगात मिल जाएगी। नगर पंचायत बिधूना की ओर से अछल्दा रोड स्थित शिव मंदिर के पीछे करीब दो करोड़ की लागत से चार मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत कॉम्प्लेक्स में करीब 30 दुकानें होंगी। इस परियोजना का काम जल निगम फर्रुखाबाद के द्वारा कराया जा रहा है। बिधूना नगर पंचायत अध्यक्ष आदर्श कुमार मिश्रा ने बताया कि कस्बे के छोटे-बड़े व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। इससे व्यापारियों को व्यवस्थित बाजार का लाभ मिलेगा। (संवाद)
वर्जन-
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को लेकर टेंडरिंग प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। दोमंजिला इस कॉम्प्लेक्स में मूलभूत सुविधाएं पुख्ता रहेंगी। शहर का पहला हाईटेक बाजार होगा।-सुभाष कुमार, ईओ नगर पालिका
फोटो-13-बिधूना में तैयार किया जा रहा शॉपिंग कॉम्पलेक्स। संवाद