औरैया। अछल्दा थाना इलाके में एक किशोरी का शव शुक्रवार को कमरे में संदिग्ध हालात में मिला। सूचना पाकर पुलिस ने जांच की। परिजन आत्महत्या करने का कारण नहीं बता पा रहे हैं।
गांव धमसिया निवासी आनंद कुमार की 17 वर्षीय बेटी श्वेता कक्षा 11 की छात्र थी। शुक्रवार को उसका शव कमरे में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। उसके मुंह में खून लगा मिला। घटना के समय मां सुधा देवी व छोटी बहन शिखा प्लॉट पर भैंस को चारा डालने गई थीं।
इसी दौरान हरिद्वार से घर वापस आए बाबा आसाराम, दादी और पौत्र छोटू ने उसे मृत देख शोर मचाया। कुछ देर में बाकी परिजन भी पहुंच गए। बेटी को मृत देख मां की चीख निकल गई। जानकारी पर सीओ बिधूना भरत पासवान, थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने जांच के बाद मौजूद स्वजनों से पूछताछ की। पुलिस बाहर गए किशोरी के पिता, भाई और चाचा के आने का इंतजार कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि किशोरी की मौत की वजह साफ नहीं हो सकी। पिता के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।