पाली। थाना क्षेत्र के रामदासपुर गांव में बेटे की तलाश में गई मां का शव गर्रा नदी में शनिवार रात उतराता मिला। इसका पता चलने पर परिजन बिलख पड़े। उधर, दूसरी ओर बेटा सकुशल घर पहुंच गया।
रामदासपुर निवासी रामबाबू मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर बेटा ऋषी कुमार (7) घर से खेलने गया था। काफी देर तक वापस न आने पर पत्नी ऊषा देवी (36) उसे तलाशने निकलीं। इस बीच ऋषी वापस घर पहुंच गया लेकिन ऊषा देर शाम तक घर नहीं पहुंचीं। इस पर परिजन ने उनकी तलाश शुरू की। रामबाबू ने बताया कि गांव के पास स्थित धर्मपुर में गर्रा नदी में ऊषा का शव पानी में उतराता मिला। पैर फिसलने से ऊषा के नदी में गिर जाने और डूब जाने से मौत होने की आशंका परिजन ने जताई है। मृतका के परिवार में तीन पुत्र और छह पुत्रियां हैं। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि पति की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।