फफूंद (औरैया)। फफूंद-मुरादगंज मार्ग पर स्थित टिकुरिया बाग नगला पाठक बंबा की पटरी पर बुधवार को सुबह एक युवक का शव ग्रामीणों को पड़ा मिला। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को देखा तो उसके मुंह और नाक से झाग निकला था। मृतक के एक हाथ की उंगलियां व कान देखने में ऐसे लग रहे थे, जैसे किसी कीड़े द्वारा काटे गए हों। सीने पर भी चोट के निशान थे। शव मिलने की सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई। जिसमें मौजूद भट्ठे पर ईंट पथाई करने वाले एक अधेड़ ने उसकी शिनाख्त अपने पुत्र के रूप में की। घटना स्थल से मृतक की साइकिल व दो मोबाइल नदारद थे।
फफूंद थाना क्षेत्र के भूरेपुर गांव निवासी जसवंत सिंह पत्नी रेनू देवी व पुत्र शीलू, वीरू, लीलू के साथ फफूंद मुरादगंज रोड पर स्थित एक भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करता है। मृतक पिता जसवंत सिह ने बताया कि मंगलवार को उसने अपने बड़े पुत्र शीलू को गांव भेजा था। गांव में उसकी दादी राम दुलारी और चाची पूजा देवी के बीच झगड़ा हो गया था। उन्हें समझाने के लिए गांव भेजा था। वह शाम को गांव के लिए भट्टा से साइकिल से गया लेकिन घर नहीं पहुंचा। बुधवार सुबह फफूंद-मुरादगंज मार्ग पर स्थित टिकुरिया गांव के बाग नगला पाठक बंबा की पटरी पर उसका शव पड़ा मिला। बताया कि सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने जब शव को पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
एसओ अनिल कुमार पांडेय व सीओ अजीतमल लालता प्रसाद शुक्ला ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक चाभी, मैनपुरी तंबाकू की पुड़िया मिली। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आस-पास के ग्रामीणों को बुलाया तो पास में भट्ठे पर ईंट पाथ रहे जसवंत सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे। जहां अपने ही बड़े पुत्र शीलू का शव देखकर सन्न रह गए।
उन्होंने बताया की हमने अपने पुत्र को भूरेपुर गांव भेजा था। उसके पास दो मोबाइल व साइकिल थी। जो घटना स्थल पर नहीं मिली।
एसओ अनिल कुमार पांडेय ने बताया की बंबा पटरी पर मिले शव की शिनाख्त हो गई है लेकिन उसकी मौत का कारण स्प्ष्ट नहीं हो पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा। उधर पुलिस मृतक की साइकिल व मोबाइल की तलाश कर रही है। बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।