दिबियापुर (औरैया)। गांव केबिन की मड़ैया में मौसी घर आए युवक का शव फंदे पर लटका मिला। युवक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
युवक दिबियापुर थाने का जिला बदर आरोपी था। बताया जा रहा है कि दो-तीन दिन पहले ही युवक जिले में आया था। पीतांबरपुर गांव निवासी निर्वेश पाल (28) मंगलवार शाम अपनी मौसी के यहां केबिन की मड़ैया गांव गया था। उसे दिल्ली जाने के लिए फफूंद स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी। उसके मौसा-मौसी एक शादी में चले गए। उसकी पत्नी भी झींझक में एक शादी में शामिल होने गई थी। इससे वह मौसी के घर में अकेला था।
घर में कोई हलचल न होने पर बुधवार को ग्रामीणों ने दरवाजे से झांककर देखा तो घर के अंदर निर्वेश का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की और शव को फंदे से उतारा। शरीर में चोट के निशान देख परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। ग्रामीण इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जता रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि निर्वेश तीन बहनों में अकेला भाई था। थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। बताया कि फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। निर्वेश के खिलाफ दिबियापुर थाने में मारपीट के 10 मामले दर्ज हैं। कुछ दिन पहले उसे जिला बदर किया गया था। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।