सहायल- दिबियापुर मार्ग पर ग्राम अबाबर के पास एक राहगीर को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग को टक्कर मारते हुए खड्ड में जा गिरी। मोटरसाइकिल सवार एक युवक की औरैया जिला चिकित्सालय उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गुरुवार को मध्यान्ह 12 बजे दिबियापुर- सहायल मार्ग पर ग्राम अबाबर के पास राहगीर को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग को टक्कर मारते हुए खड्ड में जा गिरी।
पुलिस ने 72 वर्षीय हाजी हारुन रसीद पुत्र अब्दुल गनी निवासी जामा मस्जिद दिबियापुर के पास, अजीत (18) पुत्र गंधर्व सिंह निवासी ग्राम हरीसिंह की मड़ैया तथा 19 वर्षीय विनीत पुत्र श्यामलाल निवासी निरंजनापुर को गंभीरावस्था में दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया।
अस्पताल से हाजी हारुन रसीद एवं अजीत को गंभीरावस्था में औरैया जिला चिकित्सालय के रिफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय पहुंचने से पहले ही अजीत ने दम तोड़ दिया।
परिजन अजीत के शव को दिबियापुर थाने ले आए। पुलिस ने शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया कि हाजी हारुन रसीद अपने बेटे मोहम्मद साजिद के साथ आने वाली बकरीद में कुर्बानी के लिए मोपेड पर सवार होकर सहायल बकरी बाजार से बकरा खरीदने जा रहे थे।
रास्ते में साजिद की आंख में तिनका चला गया। इस पर साजिद सड़क किनारे नल से आंख धोने लगा। वहीं हाजी हारुन रसीद सड़क किनारे खड़े हो गए। इसी बीच हरी सिंह की मड़ैया से दिबियापुर आ रहे अजीत और विनीत की मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया।