बैंकों में तीन दिन की छुट्टी से तीसरे दिन सोमवार को भी एटीएम बंद रहे। यह हाल जिले के सभी एटीएम का रहा। लोग एटीएम के चक्कर लगाते रहे। इन्हें मायूसी हाथ लगी। शहर के विजया बैंक का एटीएम एक घंटे तक चला। इसके बाद नगदी खत्म हो गई। जिले में 109 बैंक शाखाएं हैं। 118 एटीएम हैं। शहर में 15 बैंकों के 18 एटीएम हैं। सोमवार को छुट्टी का तीसरा दिन था। शनिवार शाम खाली हुए एटीएम शोपीस बने रहे। सोमवार को जिले भर के एटीएम की केबिनों में ताला जड़ा रहा। किसी भी एटीएम में रुपये नहीं डाले गए। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक दूधनाथ ने बताया कि मंगलवार को बैंकों के खुलते ही खाताधारकों को रुपये दिए जाएंगे। एटीएम में भी रुपये डाले जाएंगे। कई बैंकों में सोमवार रात तो कई बैंकों में मंगलवार की सुबह नौ बजे तक रुपये पहुंचने की जानकारी मिली है।
सीन:1
समय: 11:05 बजे
यूको बैंक का मेन गेट बंद था। एटीएम केबिन में ताला पड़ा था। एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे लोगों को गार्ड ने बताया कि रुपया मंगलवार को पड़ेगा। अभी रुपया बैंक में आया नहीं है।
विज्ञापन
सीन:2
समय: 12: 30 बजे।
एचडीएफसी बैंक के एटीएम में ताला पड़ा था। एटीएम से पैसा निकालने पहुंचे मधुर गुप्ता ने बताया कि उनके पास मात्र 50 रुपये हैं। गृहस्थी का सामान खरीदना है। दिक्कत महसूस हो रही है।
सीन: 3
समय:2:18 बजे।
भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में ताला लगा था। एटीएम से रुपया निकालने पहुंचे राजेश बरसइयां ने बताया कि यह एटीएम कभी खुलता ही नहीं है। बच्चों की स्कूल फीस जमा करनी है। पैसे नहीं हैं।