फफूंद। क्षेत्र के फफूंद-बाबरपुर मार्ग से जुआ सहित 20 गांवों को जाने वाली सड़क की हालत खराब हो चुकी है। डामर उखड़ने के साथ ही बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। आए दिन बाइक और साइकिल सवार गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं।
जुआ, फूटाताल, मुड़ेना रामदत्त, मल्लहन की मड़ैया, रामनगर, भैंसोल, पूरनपुर, जुआ की मड़ैया सहित 20 से अधिक गांवों के ग्रामीण फफूंद, औरैया, अछल्दा, दिबियापुर, बिधूना आवागमन के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। कई वर्षों से सड़क की मरम्मत न होने से सड़क का डामर उखड़ने के साथ ही बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क पर उखड़ी गिट्टी और गड्ढों के कारण रात में आने जाने वाले राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं।
ग्रामीण मुलायम सिंह दोहरे, जीतू शंखवार, बलराम सिंह कुशवाह, जगदीश कुशवाह, विशुन दास, अशोक दोहरे, मुस्तकीम, सुरेंद्र बाबू, आलोक कुशवाह, लक्ष्मण सिंह, सुमित नारायण, दीपू पोरवाल, सुनील कुमार ने बताया कि 20 से ज्यादा गांवों के लोग इसी सड़क से आवागमन करते हैं। तमाम बार सड़क की मरम्मत की अधिकारियों से मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
इधर, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अमर सिंह ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। जल्द ही मरम्मत का काम शुरू होगा।