बेला (औरैया)। खाद लेकर तिर्वा से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर कई दुकानों में टक्कर मारता हुआ एक दुकान में जा घुसा। हादसे में चालक और हेल्पर घायल हो गए। पास में ही ड्यूटी कर रहे दो होमगार्ड बाल-बाल बच गए। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है।
मंगलवार रात दो बजे के करीब तिर्वा से बेला की ओर खाद लेकर जा रहा ट्रक चौराहे के पास पहुंचते ही अनियंत्रित हो गया। ट्रक कई दुकानों से टकराता हुआ एक दुकान में जा घुसा।
होमगार्डों ने ट्रक में फंसे चालक राजेंद्र प्रसाद निवासी लखीमपुर और हेल्पर इमरान निवासी लखीमपुर को अस्पताल भेजा और पुलिस को जानकारी दी। दुकानदार विनीत सक्सेना, पवन सक्सेना, शीलू सक्सेना ने बताया कि ट्रक से दुकानें क्षतिग्रस्त होने से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी पप्पू सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।