दिबियापुर। थाना क्षेत्र के गांव खड़कपुर में अराजकतत्वों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पोस्टर फाड़ दिया। इसके बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, दो किशोरों को हिदायत देकर जाने दिया।
गांव खड़कपुर में एक दीवार पर डॉ. आंबेडकर की तस्वीर वाला पोस्टर लगा था। इसमें स्थानीय दोहरे और कठेरिया समाज के लोगों के फोटो भी अंकित थे।
आरोप है कि बुधवार रात युवकों ने शराब के नशे में धुत होकर इस पोस्टर को फाड़ दिया। जैसे ही यह खबर गांव में फैली तो दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। इसे देखते हुए गांव के मुकेश दोहरे और गंभीर दोहरे ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर आसपास के थानों की फोर्स भी बुला ली गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि गांव निवासी राजकुमार कठेरिया के भांजे एरवाकटरा के गांव उमरैन निवासी राजा बाबू कठेरिया और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया था। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर राजा बाबू को जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए दोनों नाबालिग को हिदायत के साथ छोड़ दिया गया।