अछल्दा। चिमकुनी गांव स्थित राम जानकी मंदिर व उसकी भूमि पर कब्जा के लिए दो पक्षों के बीच वाद विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। सोमवार को भंडारा शांति से निपटने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
अछल्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव चिमकुनी में श्री रामजानकी मंदिर स्थित है। इस मंदिर में 110 बीघा भूमि संबद्ध है। इसमें लगभग 50 बीघा भूमि पर बाग, आश्रम व मंदिर है। जबकि शेष भूमि पर अनाज उत्पादित होता है। मंदिर के महंत सूर्यदास महाराज के बाद उनकी सेवा में रहे कृपाल दास व राधामोहन दास जी को मंदिर ट्रस्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, किंतु ईश्वरदास, हरिदास, रामप्रसाद दास, पुतीदास, वीरबहादुर दास द्वारा अपना हक दर्शाते हुए मंदिर, आश्रम व बाग पर कब्जा जमा लिया था।
मंदिर पर चल रही भागवत कथा का सोमवार को भंडारा आयोजित हुआ। ऐसे में भंडारा के दौरान विवाद होने की आशंका को लेकर एक पक्ष के साधुओं ने अछल्दा थाना पुलिस को शिकायती पत्र दिया था। इसके मद्देनजर भंडारे के दौरान मंदिर के आसपास पुलिस बल मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों को हिदायत दे दी गई है। यदि कोई विवाद होता है तो विवाद करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भंडारा शांतिपूर्वक निपट गया।