दिबियापुर। कस्बा स्थित फफूंद रेलवे स्टेशन पर रविवार को स्टेशन अधीक्षक व टीआरडी (ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूटर) के बीच मेमो रिसीव करने को लेकर तनातनी हो गई। मौके पर कर्मचारियों की भीड़ जुट गई। दोनों तरफ से तनातनी होने की सूचना पर जीआरपी व आरपीएफ भी पूरे दिन सतर्क रही।
रविवार को टॉवर वैगन ऑफ कराने के लिए टीआरडी के एक रेलवे कर्मचारी ने फफूंद रेलवे स्टेशन मास्टर कार्यालय में एक मेमो दिया गया था। जिसे स्टेशन मास्टर ने खामियों की वजह से रिसीव नहीं किया। इसके बाद यह तनातनी शुरू हो गई। टीआरडी के अन्य कर्मचारी बी मौके पर पहुंच गए। स्टेशन पर एकत्र हो रही कर्मचारियों की भीड़ को लेकर आरपीएफ व जीआरपी भी सक्रिय हो गई। इस तनातनी के बीच दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास भी शुरू हो गया।
चर्चा यहां तक रही कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर लिखी गई लेकिन जीआरपी चौकी तक यह तहरीर नहीं पहुंची। वहीं, यह मामला रेलवे के उच्चाधिकारियों तक भी पहुंचा गया। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक अजय राय ने बताया कि टीआरडी के लोग पहले मेमो रिसीव कराने के लिए जो लाए थे, वह गलत था। जब दूसरी बार लाए तो उसमें फिटनेस की डेट नहीं थी। उच्चाधिकारियों को सूचना दे गई थी। इस पर इटावा व कानपुर के अधिकारी जांच करने आए थे। दोनों पक्षों के बयान नोट कर ले गए हैं। उधर, जीआरपी चौकी फफूंद के उपनिरीक्षक सोहिल राज सिंह ने बताया कि वह एक विवेचना के संबंध में बाहर है। अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।