लगभग तीन माह की आचार संहिता के बाद आज हुए जिला स्तरीय तहसील दिवस में फरियादियों की संख्या काफी कम रही। वहीं डीएम व एएसपी ने शिकायतें लेकर आए फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान डीएम ने तहसील दिवस में अनुपस्थित होने पर एक्सईएन जल निगम को एडवर्स इंट्री देने के निर्देश दिए।
वहीं तहसील दिवस में आई 50 शिकायतों में सिर्फ दो का ही निस्तारण हो सका। इस मौके पर डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों से तहसील दिवस की शिकायतों को वरीयता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व की अनिस्तारित पड़ी शिकायतों को जल्द से जल्द निस्तारित करने के आदेश दिए।
जिला स्तरीय तहसील दिवस में डीएम माला श्रीवास्तव ने कहा कि तहसील दिवस की शिकायतों को समयावधि में निस्तारित न किए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कदम उठाएं जाएंगे। उन्होंने आचार संहिता से पूर्व के तहसील दिवसों निस्तारित शिकायतों की भी समीक्षा की। कहा कि जो शिकायतें अभी तक नहीं निपट पाई हैं उन्हें शीघ्र निस्तारित कर पीड़ित को निस्तारण से अवगत कराएं।
तहसील दिवस के मौके पर 50 फरियादियों ने अपने-अपने शिकायती पत्र दिए। जिसमें दो शिकायतों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। जबकि शेष शिकायती पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
वहीं एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस अधिकारियों को लॉ एंड आर्डर दुरस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि वह तहसील दिवस की शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाएं। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। आज हुए तहसील दिवस में सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।