बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर भानू में पांच दिन पूर्व संदिग्ध अवस्था में किशोरी का शव लटका मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की गला घोटकर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतका के माता-पिता समेत छह लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार पांच दिन पूर्व नरायनपुर भानू निवासी अहिवरन वर्मा की पुत्री उपसना (13) का शव घर में कमरे में फंदे पर लटका मिला था। पिता ने पुत्री के बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात कही थी।
परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे लेकिन मृतका के गले में निशान देखकर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या की पुष्टि हुई है। एसओ राजकुमार राठौर ने बताया कि पुलिस ने मृतका के माता पिता समेत छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।