बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात को 16 वर्षीय किशोरी का शव कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
पिता ने गांव दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। परिजन के आक्रोश को देख आसपास थाने की पुलिस पहुंची। समझाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटी के साथ दुष्कर्म करने और बाद में उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। परिजन ने जांच कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसे लेकर परिजन ने हंगामा भी किया।
घटना की सूचना मिलते ही एरवाकटरा, अछल्दा सहित अन्य पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित परिजन को पुलिस अधिकारी ने समझाया और जांच कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी बिधूना पी.पुनीत मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है, जो भी आरोप है उनकी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।