अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के गांव पूठा में उस समय सनसनी फैल गई जब किशोरी का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों की चीख-पुकार पर ग्रामीण जुटे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
गांव पूठा निवासी शिवकांत शुक्रवार की शाम अपने खेत पर गए हुए थे जबकि पत्नी बकरी चराने गईं हुई थी। उनकी बेटी अंशिका (15), अर्चना, आरती व भाई मन्नत घर पर थे। शाम के समय अंशिका छत पर चली गई। अन्य भाई बहन जब छत पर पहुंचे तो कमरे में अंशिका का शव लटका देखा। शोर मचाने पर ग्रामीण व परिजन पहुंचे। परिजनों की सूचना पर मुरादगंज चौकी पुलिस पहुंची। अंदर से बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया गया।
कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर क्राइम राम चंद्र वर्मा ने बताया कि एक किशोरी का शव फंदे पर लटका मिला है। किशोरी कक्षा नौ की छात्रा थी। मौत के पीछे का कारण अभी पता नहीं चला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।