हरदोई। जनगणना-2027 का पहला चरण बृहस्पतिवार से शुरू हो गया है। जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों को जनगणना-2027 की तकनीकी बारीकियां समझाई गईं। जनप्रतिनिधियों ने लैपटॉप पर हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) पर प्रतीकात्मक रूप से डाटा भरा। पहले चरण में एचएलओ एप पर होने वाली स्व-गणना में 34 सवालों में से पहले तीन सवालों का जवाब नहीं दिया जाना है जबकि सवाल नंबर चार से सभी सवालों का जवाब देना है।
जनगणना-2027 के पहले चरण के शुभारंभ के साथ ही बृहस्पतिवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में कार्यशाला हुई। कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि जनगणना में सभी जानकारी दिया जाना जरूरी है। जनगणना के आंकड़े नीति निर्धारण के काम आते हैं। विधायक रामपाल वर्मा ने कहा कि यह राष्ट्रीय कार्यक्रम है। जनगणना के आधार पर योजना, आर्थिक और कार्यक्रमों को तय किया जाता है। इससे सामाजिक और आर्थिक स्थिति भी स्पष्ट होती है। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने कहा कि जातीय जनसंख्या भी तय हो जाएगी। कोविड के कारण जनगणना को देर से कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि जनगणना का काम एक साल तक चलेगा। अभी पहला चरण शुरू हुआ है। इसमें मकानों का सूचीकरण होगा। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही भारत सरकार से मिलने वाले रुपयों का निर्धारण होता है। पंचायतों में जनसंख्या के अनुपात के आधार पर ही आयोग की मद में रुपये दिए जाते हैं। जनगणना के आधार पर मतदाता सूची, आर्थिक-सामाजिक स्तर, महिला-पुरुष अनुपात को तय किया जाता है। एक मकान में रहने वाले दो परिवारों को अलग-अलग जनगणना में शामिल होना होगा।
जनगणना निदेशालय से नामित जिला प्रभारी विनय वर्मा ने पहले चरण में एचएलओ एप पर दर्ज की जाने वाली सूचना की तकनीकी जानकारी दी। बताया कि एचएलओ एप को मोबाइल में इंस्टाल करने के बाद राज्य, जिला, लैंडमार्क, पिन कोड भरने पर मोबाइल में ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करने पर फॉर्म खुल जाएगा। इसमें 34 सवालों में से पहले तीन सवालों के जवाब स्व-गणना में नहीं भरे जाने हैं। कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर, एडीएम प्रियंका सिंह व प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया, संस्कृति त्रिवेदी, एसडीएम मयंक कुंडू, एसके मिश्रा, डीएसटीओ डॉ. रामप्रकाश, श्रम रोजगार उपायुक्त आरपी सिंह, डीपीआरओ विनय कुमार सिंह, पीडी एके मौर्य, डीएसओ दलीप कुमार समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो 21: जनगणना-2021 की कार्यशाला में लैपटाप पर एचएलओ एप पर प्रतीकात्मक विवरण भरते दायें से भाज