फोटो-47- अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन सौंपते शिक्षक संघ के पदाधिकारी। स्रोत:शिक्षक
औरैया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने परिषदीय शिक्षकों की लंबित समस्याओं और सेवा संबंधी मांगों को लेकर संघ ने अतिरिक्त एसडीएम को 12 सूत्री मांगपत्र सौंपा। इसमें शिक्षकों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने और विभागीय स्तर पर आदेश जारी करने की मांग की गई है।
सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन के नाम पर हो रहे अनावश्यक उत्पीड़न को तुरंत रोकने की मांग की गई। संघ ने पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने और अंतरजनपदीय व पारस्परिक स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया। शिक्षकों को सभी सेवा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी उठाई गई। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों की पदोन्नति जल्द करने की मांग भी की गई।
बीएड, डीएलएड योग्यता से जुड़े मामलों में शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई। वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स की परीक्षा में उत्तीर्णांक सीमा कम करने की बात भी कही गई। धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अखिलेशचंद्र यादव ने की। संचालन जिलामंत्री अरविंद राजपूत द्वारा किया गया। इस दौरान सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।