शिक्षक का हाथ पकड़ते वीडियो बनाने वाले लोग। स्रोत:सोशल मीडिया
- फोटो : 1
सहायल। अघारा पंचायत के प्राथमिक विद्यालय मलगवा में बृहस्पतिवार को आधा दर्जन अराजकतत्व स्कूल के मुख्य गेट पर पहुंचकर जबरन बच्चों का वीडियो बनाने लगे। शिक्षकों द्वारा विरोध किए जाने पर अभद्रता पर आमादा हो गए।
प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार ने बताया कि विद्यालय स्टाफ ने फोन पर उन्हें इस घटना की जानकारी दी। स्टाफ ने आरोप लगाया कि मना करने के बावजूद अराजक तत्व जबरन वीडियो बना रहे थे और विरोध करने पर उन्होंने शिक्षकों के साथ बदसलूकी की। प्रधानाध्यापक के अनुसार विद्यालय परिसर या गेट पर इस तरह बिना अनुमति वीडियो बनाना पूरी तरह अनुचित है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और एडीजी को भी सोशल मीडिया के हैंडल एक्स कर शिकायत भेजी गई है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। एक्स का संज्ञान लेते हुए उच्चाधिकारियों ने सहायल थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच के लिए मौके पर गई थी। हालांकि अभी तक विद्यालय प्रशासन की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। लिखित तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।