औरैया। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, नवोदय व केंद्रीय विद्यालय के उत्कृष्ट शिक्षकों के लिए शिक्षक दिवस पर पुरस्कार देने के लिए चार सितंबर को सुबह दस बजे तक आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन करने वाले शिक्षकों के लिए गूगल फॉर्म की लिंक जारी कर दी गई है। लिंक पर क्लिक करके शिक्षकों को अपना व अपनी उपलब्धियों का ब्यौरा देना होगा।
राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मनीष कुमार व डीआईओएस हृदय नारायण त्रिपाठी ने बताया कि इच्छुक एवं ऊर्जावान शिक्षक 15 से 20 मिनट में अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के जांच के बाद उत्कृष्ट दस शिक्षकों को जिला अध्यापक पुरस्कार सम्मान से नवाजा जाएगा। जिसकी घोषणा पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह के द्वारा गूगल मीट के माध्यम से की जायेगी। विजेता शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
बता दें कि जनपद के शिक्षकों को पुरस्कृत करने की यह एक अनूठी पहल है। जिसमें अधिक से अधिक आवेदन कराने के लिए बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा पत्र जारी कर दिया गया है । बैठक में जीआईसी के प्रधानाचार्य अमरनाथ दीक्षित मौजूद रहे ।