औरैया। बीएड की फर्जी डिग्री से परिषदीय विद्यालयों में नियुक्ति पाने वाले दूसरे जिलों से स्थानांतरित होकर आए दो शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है। एसआईटी की जांच में मामले का खुलासा होने के बाद डीएम के अनुमोदन पर बीएसए ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीईओ से संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जिले के 51 शिक्षक पहले ही इसी मामले में बर्खास्त हो चुके हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक विशेष अनुसंधान दल द्वारा उच्च न्यायालय में सुनील कुमार बनाम आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा में बीएड सत्र 2004-05 के टेबुलेशन चार्ट में कतिपय छात्रों का अधिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। इनमें कई छात्र फर्जी अंकतालिकाओं के आधार पर परिषदीय विद्यालयों नियुक्ति पाए गए। अंतरजनदीय स्थानांतरित होकर बलिया से जिले में आए कृष्ण मुरारी प्राथमिक विद्यालय रोंशगपुर व गोंडा से जिले में आई रंजना प्राथमिक विद्यालय सिंदुरिया आलमपुर प्रथम ब्लॉक भाग्यनगर में तैनात थी। एसआईटी की जांच में दोनों शिक्षकों की बीएड की डिग्री फर्जी पाई गई।
रिपोर्ट शासन से बीएसए को भेजी गई। डीएम अभिषेक सिंह के अनुमोदन के बाद बीएसए सूर्य प्रकाश सिंह ने दोनों शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया। बीईओ को संबंधित थानों में संबंधित शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। मालूम हो कि शिक्षक कृष्ण मुरारी वर्ष 2013 और शिक्षिका रंजना वर्ष 2012 में औरैया आई थीं।