औरैया। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) को लेकर जिले में प्रशासनिक कवायद तेजी से चल रही है। शुक्रवार को हुई समीक्षा में एसआईआर कार्य में लापरवाही करने पर एक शिक्षक और नलकूप चालक पर निलंबन की कार्रवाई के आदेश डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने दिए हैं। इससे खलबली मच गई है।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जूम मीटिंग में कार्यों की समीक्षा की। इसमें विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति देखी गई। कार्य में गति न होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने निर्धारित कार्य संपादन के लिए समय से कार्यस्थल पर पहुंचे। प्राप्त गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी निर्धारित स्थल पर नहीं पहुंचता या कार्य में सहयोग नहीं करता है तो प्रभारी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का स्वयं निर्वहन करें। संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने बूथ संख्या 183 जैतपुर फफूंद पर तैनात नलकूप चालक चंद्रपाल और बूथ संख्या 57 टीकमपुर पर तैनात सहायक अध्यापक सुधा वर्मा के निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण में कार्य में रुचि न लेने पर दोनों को निलंबित किए जाने के निर्देश दिए।