तीन दिनों से बीएसएनएल की सेवाएं बाधित होने से उपभोक्ता परेशान है। हालत यह है कि उपभोक्ता नेटवर्क के अभाव में देश-दुनिया से कट गए है। वहीं बैंक, एटीएम और इंटरनेट सेवा ठप होने से उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति नाराजगी है। रिलायंस कंपनी की अंडरग्राउंड टेलीफोन बिछाने के दौरान तीन दिन पहले बीएसएनएल की ओएफसी केबिल कट गई थी। इंजीनियरों ने 48 घंटे बाद सेवाएं बहाल कर पाई थी कि शनिवार सुबह फिर से भर्थना-बिधूना मार्ग पर केबिल कट जाने से संचार सेवा धड़ाम हो गई। मामले में टीडीएम ने रिलायंस कंपनी के ठेकेदार के खिलाफ भर्थना एसडीओ को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले के भर्थना-बिधूना मार्ग पर रिलायंस मोबाइल कंपनी की अंडर ग्राउंड केबिल डाले जाने के दौरान की गई लापरवाही से भारत संचार निगम लिमिटेड की अंडरग्राउंड पड़ी ओएफसी केबिल कट गई। इससे जिले की संचार सेवा चौथे दिन फिर धड़ाम हो गई। गुरुवार को रिलायंस कंपनी के ठेकेदार की ओर से भर्थना-बिधूना मार्ग पर अंडर ग्रांउड डाली जा रही केबिल में पूरी तरह से लापरवाही बरती गई थी। जिससे वहां पर बीएसएनएल की ओएफसी केबिल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी।
इससे जिले की संचार सेवा ठप हो गई थी। जानकारी मिलने पर टीडीएम इटावा ने तुरंत इंजीनियरों की टीम को मौके पर भेजकर केबिल जोड़कर संचार सेवा बहाल करने के निर्देश दिए। लेकिन मौके पर पहुंचे इंजीनियर शुक्रवार को पूरे दिन कटी ओएफसी केबिल को ही ढूढ़ते रहे। जिससे देर रात जाकर संचार सेवा बहाल हो सकी। अभी उपभोक्ताओं ने कुछ राहत ली ही थी कि शनिवार सुबह लगभग 7 बजे फिर से रिलायंस कंपनी की केबिल डाले जाने के दौरान बीएसएनएल की ओएफसी केबिल क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे देर रात तक संचार सेवा ठप रही।
रिलायंस कंपनी के ठेकेदार की मनमानी के चलते बार-बार समस्या खड़ी हो रही है। दो दिन की ठप सेवा को बड़ी मशक्कत के बाद 18 मार्च की देर रात बहाल कराया जा सका, लेकिन सुबह फिर रिलायंस के ठेकेदार ने मनमानी करते हुए केबिल डालने का काम शुरू कर भर्थना-बिधूना मार्ग पर बीएसएनएल की अंडर ग्राउंड ओएफसी केबिल काट दी। उसके खिलाफ भर्थना एसडीओ को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दे दिए हैं। वहीं कंपनी को भी नोटिस देकर क्षतिपूर्ति की भरपाई कराई जाएगी।
आरके गुप्ता टीडीएम, इटावा/औरैया