बेला। बेला बस्ती में जेवर साफ करने के बहाने दो टप्पेबाज एक महिला के गहने लेकर फरार हो गए। महिला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस महिला के बताए हुलिए के आधार पर दोनों टप्पेबाजों की तलाश कर रही है।
बेला बस्ती निवासी अनुपम ने बताया कि सोमवार को वह विद्यालय पढ़ाने गए थे। घर पर मां कांति देवी थी। इसी बीच बाइक सवार दो युवक घर के पास आए और मां को आवाज देकर बुलाया। दोनों ने पीतल के बर्तन साफ करने की बात कही तो मां ने उन्हें पीतल का एक बर्तन साफ करने को दे दिया। इसके बाद दोनों युवकों ने जेवर साफ करने की बात कही। दोनों युवकों के झांसे में मां आ गईं। उन्होेंने सोने की चेन व चार चूड़ियां युवकों को साफ करने के लिए दे दीं। इसके बाद टप्पेबाजों ने मां से पानी गर्म करके लाने को कहा। वह पानी गर्म करने के लिए घर के अंदर गईं। इसी बीच दोनों टप्पेबाज जेवर लेकर फरार हो गए।
बेला थाना प्रभारी जीवाराम ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही टप्पेबाजों को दबोच लिया जाएगा।