मंडी के सामने पलटा पड़ा टैंकर। स्रोत:पुलिस
औरैया। शहर स्थित मंडी गेट के पास शनिवार सुबह क्रूड ऑयल से भरा एक अनियंत्रित टैंकर कानपुर-इटावा हाईवे पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक बच गया।
मैनपुरी निवासी चालक जसवीर राजस्थान नंबर का टैंकर में क्रूड ऑयल लेकर कानपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही टैंकर मंडी गेट के पास पहुंचा, वह अनियंत्रित होकर अचानक पलट गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, टैंकर चालक सुरक्षित बच गया। बाद में पलटे हुए टैंकर को सुरक्षित वहां से हटाया गया। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि हादसे में किसी को भी चोट नहीं आई है। क्रेन मंगवाकर वाहन को रास्ते से तत्काल हटवा दिया गया। (संवाद)