जिला अस्पताल में बेहोश युवकों का इलाज करते चिकित्सक व अस्पताल कर्मी।
- फोटो : amarujala
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चिरूहूली में हाईवे किनारे सोमवार को तड़के पुलिस ने दो युवकों को बंधक व बेहोशी की हालत में पाया। एक युवक ट्रक लूटे जाने की बात कह रहा था। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।
सोमवार को सुबह ग्राम चिरूहूली में इटावा रोड पर हाईवे किनारे ओवरब्रिज के आगे दो युवकों के बेहोशी की हालत में पड़े होने की सूचना यूपी 100 पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों युवकाें को हाथ-पैर बंधी हालत में बेहोश पड़ा पाया। काफी प्रयास करने के बाद एक को थोड़ा होश आया। उसने लड़खड़ाती जुबान से बताया कि दस टायरा ट्रक उनके ट्रक के आगे आया। उस पर सवार बदमाशों ने उन्हें कुछ नशीला पदार्थ सुंघाकर उनका ट्रक लूट लिया। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। कोतवाली इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि वह जिला अस्पताल गए थे। दोनों युवक ट्रक के चालक व क्लीनर प्रतीत हो रहे हैं। दोनों कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थे। सीओ सिटी श्यौदान सिंह ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी की। कहा कि घटना की जांच की जा रही है।