औरैया। संयुक्त कृषि निदेशक उर्वरक व जिले के नोडल अधिकारी ने शनिवार को कृषि विभाग की संचालित योजनाओं की समीक्षा की और मुरादगंज स्थित एक उर्वरक की दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को खाद की दुकानों पर निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी अनिल कुमार पाठक ने उपकृषि निदेशक कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक में बीज की उपलब्धता, वितरण, डीबीटी की स्थिति, उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण, कृषि यंत्रों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक के बाद नोडल अधिकारी ने ब्लॉक भाग्यनगर गदनपुर नगला पाठक फार्म स्कूल निरीक्षण किया। उन्होंने पोरवाल बखाद भंडार मुरादगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी को खाद के नमूने लेने के निर्देश दिए। कहा कि रबी सीजन का पीक समय चल रहा है। जिले में यूरिया और डीएपी की कोई किल्लत नहीं है, लेकिन अधिकारी सुनिश्चित करें कि जिले में कहीं भी किसी भी दशा में खाद की कालाबाजारी न हो सके। पॉस मशीन में अंकित स्टॉक व दुकान में स्टॉक में अंतर किसी भी दशा में नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान यदि कहीं भी भिन्नता पाई जाए तो ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर उपकृषि निदेशक विजय कुमार, जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।