कंचौसी (औरैया)। ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में मिले सहायक स्टेशन मास्टर (एएसएम) के मामले में रेलवे अधिकारियों ने जांच तेज कर दी है। निलंबित एएसएम के कार्यकाल की जांच भी की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात अन्य स्टाफ को भी पूछताछ के लिए इलाहाबाद व कानपुर बुलाया गया है।
गुरुवार रात कंचौसी स्टेशन पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर अनिरुद्ध कुमार रात 12 बजे नशे में पड़े मिले थे। इस दौरान सिग्नल प्रणाली फेल होने से नौ ट्रेनें झींझक और फफूंद स्टेशन के बीच खड़ी हो गईं थीं।
स्टेशन से किसी भी तरह की लोकेशन न मिलने पर हड़कंप मचा रहा। मामले में अब तक कई अधिकारी जांच कर रिपोर्ट इलाहाबाद रेलवे मंडल को भेज चुके हैं। सभी को टूंडला से मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार है। निलंबित एएसएम को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रयागराज तलब किया गया है।
चार साल पहले भी गलती पर हुआ था निलंबन
रेल सूत्रों के मुताबिक चार साल पहले नौकरी में आते ही सहायक स्टेशन मास्टर अनिरुद्ध कुमार ने दानापुर रेलवे लाइन पर लूप लाइन में मालगाड़ी खड़ी होने के बाद इसी ट्रैक पर दूसरी मालगाड़ी डाल दी थी। जिससे ट्रेन टकराने से बची थी। इस मामले में भी उनकी लापरवाही मान निलंबित किया गया था। इसके बाद उन्हें फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर तैनाती दी गई। मार्च में कंचौसी स्टेशन तबादला होकर आए थे।