संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। मोहल्ला सूरजपुर में हुई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला संतोष कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे एक सीसीटीवी की फुटेज मिली है, इसमें एक संदिग्ध युवक दिखाई दे रहा है। हालांकि, रात का अंधेरा होने के कारण अभी उसकी स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के जरिए संदिग्ध की पहचान में जुटी है।
परिजन ने महिला की हत्या कर लूटपाट का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या की प्राथमिक दर्ज की है प्राथमिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि महिला का कोई करीबी ही था। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कमरे के अंदर दो स्टील के गिलास और पानी की बोतल मिली थी। इससे साफ आशंका जताई जा रही है कि घर में कोई महिला का जानने वाला ही आया था, जिसे वृद्धा ने खुद पानी पिलाया था।
कमरे की अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था लेकिन हैरानी की बात यह है कि घर में रखे जेवर सुरक्षित मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी घर से कुछ बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले जाने के लिए आया था। अगर मामला सिर्फ लूटपाट का होता, तो वह कीमती जेवर छोड़कर न जाता।
साक्ष्य मिटाने के इरादे से महिला का कीपैड फोन भी कमरे में पानी से भरे बर्तन में डाल दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस उसे खोलने के प्रयास में जुटी है। मोबाइल फोन से कई अहम सुराग पुलिस को मिल सकते हैं।