औरैया। एसपी कार्यालय के ऑडिटोरियम में एक समारोह में दरोगा की बहू का एसपी की कुर्सी पर बैठकर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामले में पुलिस की सख्ती के बाद महिला ने अपना 16 हजार फॉलोअर्स वाला इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया है। इसके बाद हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
मंगलवार को एसपी कार्यालय के ऑडिटोरियम में दिबियापुर के एक उपनिरीक्षक समेत अन्य पुलिसकर्मियों का विदाई समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में उनके परिजन भी पहुंचे थे। समारोह समाप्त होने के बाद जब हॉल खाली हुआ तो एक दरोगा की बहू ने एसपी की कुर्सी पर बैठकर गोल-गोल घूमते हुए एक रील बनाई और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।
बुधवार को यह रील वायरल होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी अभिषेक भारती ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर दरोगा ने बताया कि जानकारी मिलते ही उन्होंने बहू से रील डिलीट करवा दी थी।
वहीं, बहू ने माफीनामा का एक वीडियो जारी करते हुए कहा कार्यक्रम के बाद उन्होंने कुर्सी पर बैठकर रील बनाई थी, इसके बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी थी। मुझे अपनी गलती का एहसास है और आगे से ऐसी गलती कभी नहीं होगी।
एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि लिखित माफी मांगने और भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत देने के बाद महिला को छोड़ दिया गया है।