कुदरकोट। थाना क्षेत्र के गांव वैबाह स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह दो छात्रों के बीच हुई धक्का-मुक्की में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। गिरने के दौरान छात्र का हाथ टूट गया, जिसे उपचार के लिए परिजन अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे इटावा रेफर कर दिया गया।
वैबाह गांव निवासी राजेंद्र उर्फ दीपू का सात वर्षीय पुत्र आदित्य प्राथमिक विद्यालय वैबाह में कक्षा तीन का छात्र है। शुक्रवार सुबह विद्यालय में पढ़ाई के दौरान कक्षा चार के एक छात्र से किसी बात को लेकर धक्का-मुक्की हो गई। इसी दौरान आदित्य संतुलन बिगड़ने से जमीन पर गिर पड़ा, इससे उसके हाथ में गंभीर चोट आ गई।
घटना के बाद विद्यालय पहुंचे अध्यापकों ने घायल छात्र को घर भेज दिया। परिजनों द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर प्रधानाध्यापक आदेश यादव छात्र के घर पहुंचे और उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास भेजा गया, जहां से छात्र को इटावा रेफर कर दिया गया। परिजन घायल छात्र को लेकर उपचार के लिए इटावा चले गए।
प्रधानाध्यापक आदेश यादव ने बताया कि दोनों छात्र खेलते समय आपस में धक्का-मुक्की कर रहे थे, इसी दौरान आदित्य गिर गया और उसे चोट लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए भेजा गया।
वहीं घायल छात्र आदित्य की मां पूजा ने आरोप लगाया कि विद्यालय स्टाफ ने प्रारंभिक स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे के हाथ में फ्रैक्चर हो गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी एरवाकटरा अलकेश सचकेला ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय स्टाफ को छात्र के घर भेजा गया था और उपचार के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना बच्चों के खेलने के दौरान हुई धक्का-मुक्की के कारण हुई है और छात्र का पूरा इलाज कराया जाएगा।