बिधूना। जिला विज्ञान क्लब की ओर से महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की स्मृति में पूर्व माध्यमिक स्कूल में गणित दिवस का आयोजन किया गया। इस दाैरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला विज्ञान क्लब समन्वयक मोहित सिंह, शिक्षक मनीष कुमार और विकास सक्सेना ने छात्रों को श्रीनिवास रामानुजन के जीवन और गणित में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को गणित के प्रति रुचि बढ़ाने और भविष्य में गणित व विज्ञान के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच विज्ञान क्विज, गणित प्रश्नोत्तरी, गणित मॉडल, पोस्टर प्रतियोगिता कराई गई। साथ इस मौके पर छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
इसके बाद घोषित परिणामों में पोस्टर प्रतियोगिता में अनुष्का सिंह, सौम्या और जिया सैनी, गणित मॉडल में सौम्या, एकता और पावनी दुबे, गणित प्रश्नोत्तरी में एकता कश्यप, रजित, सुमित, आयुष पाल, संजना, हनी सिंह और शिवा ने अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं हैंड्स-ऑन कार्यशाला में दीपा, दीपक, एकता कश्यप, आयुष पाल, पुनीत त्रिपाठी, अमित वर्मा, रजित और दिव्यांशी सक्सेना सराहे गए। डीआईओएस प्रदीप कुमार मौर्य ने विजेता छात्रों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यहां पर बीईओ अलकेश कुमार सकलेचा, प्रधानाचार्य कमलेश पांडे, संजय सिंह सेंगर आदि उपस्थित रहे।