सहायल (औरैया)। बुधवार को सुबह क्षेत्र के दिबियापुर-बेला मार्ग पर बर्रु गांव के पास स्कूटी सवार छात्र को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
दिबियापुर निवासी गल्ला व्यापारी बबलू गुप्ता का पुत्र शोभित (21) बीएससी तृतीय वर्ष का गायत्री महाविद्यालय का छात्र है। बुधवार की सुबह वह स्कूटी से अपने गांव सेदपुर जा रहा था। बर्रु गांव के पास किसी वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को एंबुलेंस से सीएचसी सहार में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने इलाज के बाद तिर्वा रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष पप्पू सिंह ने बताया कि अभी किसी की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।